राई (सोनीपत)। नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें स्कूटी पर सवार दो युवकों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान मोहित और उत्तम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अंसल प्लाजा के सामने यह हादसा हुआ। राहगीरों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे शव
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोहित और उत्तम बचपन के दोस्त थे और रोजाना साथ में जिम जाते थे। हादसे के समय भी दोनों व्यायाम के लिए घर से निकले थे। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।