सोनीपत जिले के राई क्षेत्र में स्थित बढ़खालसा गांव के पास बनी सनशाइन काउंटी सोसाइटी के निवासी इन दिनों प्रशासनिक लापरवाही से परेशान हैं। एसएमडीए द्वारा सीवरेज लाइन डालने के नाम पर सोसाइटी के मुख्य द्वार के बाहर कई गहरे गड्ढे खोद दिए गए, लेकिन महीनों बाद भी न तो काम पूरा हुआ और न ही इन गड्ढों को भरा गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरा पड़ा यह कार्य अब उनके लिए बड़ी समस्या बन चुका है। सोसाइटी के निवासियों—अशोक चौहान, सुरेश, रमेश, सुनील, आनंद, तेजेंद्र और कमल सहित अन्य लोगों ने बताया कि गेट के ठीक सामने गहरे गड्ढों में लोहे के सरिये खुले खड़े हैं, जो कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं।
रात के समय आवाजाही करने वाले लोगों और आसपास खेल रहे बच्चों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई है। निवासियों ने संबंधित प्राधिकरण से जल्द से जल्द कार्य पूरा कर सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस मुद्दे को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समाधान के बजाय जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डालकर मामले को टाल दिया जाता है। निवासियों का आरोप है कि शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
इस संबंध में एसएमडीए के कनिष्ठ अभियंता हरपाल और संबंधित ठेकेदार का कहना है कि ग्रेप (GRAP) के कारण पहले कार्य अस्थायी रूप से रोकना पड़ा था। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही काम दोबारा शुरू कर इसे पूरा कराया जाएगा।