सोनीपत: जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर रोडरेज में युवक की गोली मारकर हत्या, कार की टक्कर के बाद हुआ था विवाद

हरियाणा के सोनीपत जिले में जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर रोडरेज की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गाड़ी को पीछे से टक्कर मारकर भाग रहे चालक को रोकने और उससे बात करने पहुंचे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान प्रह्लाद के रूप में हुई है, जो कैथल में एक कपड़ों के शोरूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वह अपने साथी के साथ कैथल से रोहतक लौट रहे थे।

पीछे से टक्कर मारकर फरार हुआ चालक

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे प्रह्लाद अपने साथी के साथ जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे। बरोदा गांव के नजदीक पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक गाड़ी ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

टक्कर मारने के बाद चालक मौके पर रुकने के बजाय गाड़ी लेकर फरार होने लगा। इसके बाद प्रह्लाद और उनके साथी ने करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया और आरोपी की गाड़ी को रुकवा लिया।

चालक से बातचीत के दौरान चली गोली

गाड़ी रुकने के बाद प्रह्लाद नीचे उतरे और टक्कर मारने वाले चालक से बात करने पहुंचे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि दूसरी गाड़ी में सवार चालक ने पिस्तौल निकालकर प्रह्लाद पर गोली चला दी।

गोली लगने से प्रह्लाद गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

घटना के बाद प्रह्लाद के साथी ने उन्हें तुरंत रोहतक के अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और बरोदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

बरोदा थाना प्रभारी अशोक कुमार के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है।

एक मामूली सड़क हादसे के बाद हुई इस जानलेवा वारदात ने एक्सप्रेसवे पर वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *